भिवानी , जून 06 -- हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ ने शिक्षकों की लंबित मांगों और अतिथि शिक्षकों के नियमितीकरण को लेकर नौ जून को पंचकूला स्थित शिक्षा सदन पर विरोध प्रदर्शन आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए प्रदेशभर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। भिवानी जिला इकाई भी प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से जुटी हुई है।

जिला प्रधान अजीत राठी, जिला सचिव सुमेर सिंह आर्य और जिला वरिष्ठ उपप्रधान अंजू देवी ने संयुक्त बयान में कहा कि सरकार लंबे समय से शिक्षकों और कर्मचारियों की जायज मांगों की अनदेखी कर रही है, जिससे उनमें रोष बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शन में जिले से बड़ी संख्या में शिक्षक भाग लेंगे। प्रमुख मांगों में अतिथि अध्यापकों को 2014 की नियमितीकरण नीति के तहत नियमित करना, टेट की शर्तों से प्रभावित शिक्षकों को राहत देना, सेवा नियमावली-2012 में संशोधन, रिक्त पदों पर नियमित भर्ती और लंबित पदोन्नति सूचियां जारी करना शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित