भिवानी , जुलाई 04 -- हरियाणा के भिवानी साईबर अपराध थाना ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की साइबर धोखाधड़ी करने के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ता हरदीप निवासी बिधवान ने थाना साईबर क्राईम भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 9.10.2025 को फेसबुक देखते समय उसे एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद वह एक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ गया। इसके बाद आरोपियों द्वारा उसे इंटरनेशनल शेयर मार्केट में निवेश करने के नाम पर लुभावने ऑफर दिए गए तथा अलग-अलग तिथियों में कुल 7,74,000 रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए। बाद में शिकायतकर्ता को पता चला कि उसके साथ शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर साइबर धोखाधड़ी की गई है।
शिकायत पर थाना साईबर क्राइम भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया था। मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम भिवानी के मुख्य सिपाही अमरजीत ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान मोहम्मद रफीक पुत्र रसूल खान निवासी जैतपुर दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसने आरोपियों को धोखाधड़ी के लिए खाता उपलब्ध कराया था, वहीं पुलिस टीम के द्वारा आरोपी से 3,000 बरामद किए गए हैं। पुलिस टीम द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे जिला कारागार भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित