भिवानी , जून 18 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को भिवानी स्थित चौधरी बंसी लाल सिविल एरोड्रम में लगभग 31 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक हैंगर, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) भवन, सुरक्षा चौकी और कैंटीन का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर सांसद धर्मबीर सिंह, विधायक घनश्याम सर्राफ और कपूर सिंह वाल्मीकि सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भिवानी आज विकास के नये अध्याय की साक्षी बनी है। यह परियोजना हरियाणा में आधुनिक विमानन अवसंरचना के विस्तार और क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नागरिक उड्डयन क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है और 'उड़ान' योजना के माध्यम से छोटे शहरों को हवाई सेवाओं से जोड़ा गया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार हरियाणा को उत्तर भारत का प्रमुख विमानन केंद्र बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। हिसार एयरपोर्ट से दिल्ली, अयोध्या, चंडीगढ़ और जयपुर के लिए उड़ानें शुरू हो चुकी हैं तथा जल्द ही जम्मू और अहमदाबाद के लिए भी सेवाएं शुरू की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भिवानी एरोड्रम की नयी सुविधाएं सुरक्षित विमान संचालन, प्रशिक्षण गतिविधियों और विमानन सेवाओं के विस्तार में सहायक होंगी।

इससे युवाओं को एविएशन क्षेत्र में रोजगार और प्रशिक्षण के नये अवसर मिलेंगे। कार्यक्रम में 200 घंटे की उड़ान पूरी करने वाले ट्रेनी पायलटों को सम्मानित किया गया तथा आधुनिक दो-सीटर जायरोकॉप्टर का प्रदर्शन भी किया गया। उन्होंने बताया कि हरियाणा में देश का पहला जायरोकॉप्टर असेंबली एवं मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित