भिवानी , नवंबर 02 -- हरियाणा के भिवानी प्राइवेट स्कूल्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा की ओर से 14 और 15 नवंबर को वार्षिक खेल महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। भिवानी पब्लिक स्कूल में होने वाले इस आयोजन में जिले के निजी स्कूलों के करीब 4000 विद्यार्थी और 2000 शिक्षक हिस्सा लेंगे।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राम अवतार शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि कोरोना महामारी के बाद बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के उद्देश्य से खेल महाकुंभ की शुरुआत की गई थी। अच्छी प्रतिक्रिया मिलने के बाद एसोसिएशन ने इस आयोजन को हर साल जारी रखने का निर्णय लिया।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताएं अंडर-10, अंडर-11, अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग में आयोजित होंगी। महाकुंभ में कबड्डी, खो-खो, क्रिकेट, शूटिंग, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स की स्पर्धाएं होंगी। सभी खेलों में लड़कों और लड़कियों के मुकाबले अलग-अलग आयोजित किए जाएंगे। इस बार स्कूलों की मांग पर शूटिंग को भी प्रतियोगिताओं में शामिल किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित