भिवानी , जुलाई 11 -- हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने शनिवार को भिवानी के महम रोड स्थित जगन्नाथ सर्राफ वेलनेस सेंटर एवं हरियाणा योग नेचुरोपैथी अस्पताल परिसर में नवनिर्मित फिजियोथेरेपी केंद्र का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे का लगातार विस्तार किया जा रहा है और आने वाले समय में प्रदेशवासियों को और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को जींद से महेंद्रगढ़ जिले के भिवानी और कोरियावास में नए मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण करेंगे। उनके अनुसार, ये संस्थान प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को नयी मजबूती प्रदान करेंगे।
आरती सिंह राव ने कहा कि पिछले 11 वर्षों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है, जिसने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि योग और प्राणायाम का नियमित अभ्यास कई बीमारियों से बचाव में सहायक है और स्वस्थ जीवन का आधार है।
उन्होंने कहा कि पिछले करीब सवा वर्ष में राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। इस दौरान 1,100 डॉक्टरों कीभर्ती की गई है। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) को सामान्य अस्पतालों के समान सुविधाओं से सुसज्जित करना है, ताकि ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं, को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित