भिवानी , सितंबर 08 -- हरियाणा में भिवानी नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर नगर पालिका और अग्निशमन कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को 34वें दिन भी जारी रही।
भिवानी नगर परिषद कार्यालय के समक्ष चल रहे धरने में राज्य स्तरीय कर्मचारी नेताओं के जत्थे ने पहुंचकर कर्मचारियों का समर्थन किया और सरकार के खिलाफ रोष जताया।
धरने को संबोधित करने वालों में सर्व कर्मचारी संघ के पूर्व राज्य प्रधान एवं नगर पालिका कर्मचारी संघ की पूर्व राज्य प्रधान पूनम रती, राज्य कोषाध्यक्ष राजेश बागड़ी, अग्निशमन यूनियन के राज्य प्रधान राजेंद्र सनंध तथा सर्व कर्मचारी संघ के राज्य सचिव अशोक पिलानिया शामिल रहे।
धरने की अध्यक्षता अग्निशमन दल यूनियन के जिला प्रधान अजय श्योराण ने की, जबकि मंच संचालन सर्व कर्मचारी संघ के भिवानी ब्लॉक प्रधान अशोक गोयत ने किया।
कर्मचारी नेताओं ने सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को लंबे समय तक कच्चे पदों पर रखकर उन्हें न्यूनतम वेतन और सामाजिक सुरक्षा से वंचित किया जा रहा है।
वक्ताओं ने मांग की कि 13 मई को सरकार के साथ हुए 17 सूत्रीय समझौते को तत्काल लागू किया जाए। साथ ही आंदोलन के दौरान कर्मचारियों पर दर्ज मुकदमे रद्द करने, निलंबित कर्मचारियों को बहाल करने तथा वर्ष 2014 से लगातार सेवा दे रहे सफाई कर्मचारियों और सीवरमैनों को नियमित करने की मांग उठाई गई। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित