भिवानी , सितंबर 12 -- हरियाणा के भिवानी सफाई कर्मचारियों की लंबे समय से चल रही हड़ताल समाप्त होने के बाद नगर परिषद प्रशासन ने शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने की कार्य योजना तैयार करनी शुरू कर दी है।
शनिवार को डीएमसी हरबीर सिंह के मार्गदर्शन में सफाई निरीक्षक विकास देशवाल ने सभी सफाई दरोगाओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने शहर में सफाई व्यवस्था जल्द से जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
सफाई निरीक्षक विकास देशवाल ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर में जगह-जगह कूड़ा-कचरा जमा हो गया है और गंदगी का आलम बना हुआ है। अब हड़ताल समाप्त हो चुकी है, इसलिए सभी सफाई दरोगा अपने-अपने क्षेत्रों की जिम्मेदारी संभालें और सफाई कर्मचारियों से नियमित रूप से सफाई करवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि शहर में जमा कूड़े-कचरे को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए और सफाई व्यवस्था को जल्द सामान्य किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर स्वच्छ और साफ नजर आना चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखें और सफाई कार्य में किसी तरह की लापरवाही न बरतें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित