भिवानी , सितंबर 30 -- हरियाणा के भिवानी में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय महासचिव भानु प्रकाश ने बुधवार को कहा कि केन्द्र सरकार ने अधिसूचना जारी कर यूपीआई के प्रयोग पर 40 पैसा सैकड़ा एमडीआर अधिसूचित किया है। इसी अधिसूचना में एक लाख तक का पेमेंट पाने वाले उन सभी ट्रांजेक्शनों पर शून्य एमडीआर का फायदा दिया गया है यानी 1 लाख 1 हजार का पेमेंट पाने वाले ट्रांजेक्शनों पर 40 पैसे सैकड़ा एमडीआर देय होगा। रेलवे, टेलीकॉम, इन्श्योरेन्स, फ्यूल व खेती से जुड़े सामान पर 5 रुपये प्रति ट्रांजेक्शन फिक्स्ड एमडीआर आरोपित किया गया है। म्यूचुअल फंड्स, सिक्योरिटीज, स्टॉक ब्रोकर, डीलर से जुड़े पेमेन्ट पर 0.02 प्रतिशत का एमडीआर लगाया गया है।

उन्होने बताया कि विरोधस्वरूप भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल की गवर्निंग बॉडी तथा आमंत्रित सैंकड़ों व्यापारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के द्वारा मीटिंग आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता बीयूवीएम राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता ने की तथा सभा का संचालन बीयूवीएम वरिष्ठ महामंत्री मुकुंद मिश्रा एवं राष्ट्रीय महामंत्री अजीत कोठारी कोल्हापुर ने किया।

देश के करीब 17 प्रान्तों से जुड़े व्यापारियों ने यूपीआई पर एमडीआर लगाने का विरोध किया और इसे तत्काल वापिस लेने की मांग की तथा जब तक वापिस नहीं लिया जाता तब तक आंदोलन चलाने के सुझाव प्रस्तुत किये। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दो अक्टूबर को गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यूपीआई पर लगाये जा रहे एमडीआर के खिलाफ आंदोलन की शुरुआत की जायें। 15 अक्टूबर तक विभिन्न तरह से विरोध किया जाएगा और जल्द ही दिल्ली में सभी राज्यों के व्यापारियों की एक बैठक बुलाई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित