भिवानी , अप्रैल 23 -- हरियाणा के भिवानी में जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला ने आरोप लगाया कि यहां पहुंचने के दौरान भी पुलिस ने उनका पीछा किया।
उन्होंने बताया कि बिना नंबर और काले शीशों वाली बोलेरो गाड़ियों ने उनका पीछा किया, जिसकी शिकायत उन्होंने एसपी को फोन पर दी। वीडियो बनाने पर गाड़ियां बामला गांव की ओर मुड़ गईं।
चौटाला ने कहा कि अब हिसार में बड़ी लड़ाई शुरू होगी और इसके लिए वे गांव, खाप, पंचायतों व किसान संगठनों का समर्थन जुटाएंगे। उन्होंने घोषणा की कि 27 अप्रैल से हिसार में "छात्र न्याय महापंचायत" आयोजित की जाएगी, जो एक-दो दिन नहीं बल्कि लंबा आंदोलन होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन को लेकर जेजेपी नेताओं और पुलिस के बीच विवाद सुलझने की बजाय बढ़ता जा रहा है। सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि "दो गमले टूटने पर एफआईआर हो जाती है, लेकिन बंदूक दिखाने पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई।"मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के जांच वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चौटाला ने कहा कि वे मुख्यमंत्री का सम्मान करते हैं लेकिन वास्तविक स्थिति को समझना जरूरी है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि आधी रात को छात्रों को उठाने वाली टीम का नेतृत्व करने वाला डीएसपी एसआईटी का प्रमुख कैसे हो सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित