भिवानी , मई 12 -- हरियाणा के भिवानी में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के जिला सचिव मंडल ने राज्य सरकार से नगरपालिका और अग्निशमन विभाग के हड़ताली कर्मचारियों की मांगों पर तुरंत बातचीत कर समाधान निकालने की मांग की है। पार्टी के जिला सचिव ओमप्रकाश ने मंगलवार को भिवानी में आंदोलनरत कर्मचारियों के बीच पहुंचकर अपना समर्थन व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि नगरपालिका कर्मचारी एक मई से प्रदेशभर में हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार अब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं कर पाई है। हड़ताल के कारण शहरों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं, जिससे मक्खी-मच्छरों के पनपने और बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है।

ओमप्रकाश ने कहा कि सफाई कर्मचारियों में बड़ी संख्या एससी समुदाय से जुड़ी है, जो पहले से ही सामाजिक रूप से हाशिये पर है। सीवर सफाई के दौरान कई कर्मचारियों की मौत हो चुकी है, जिसे रोकने में सरकार विफल रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में इस तरह की घटनाएं शर्मनाक हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित