चंडीगढ़ , अक्टूबर 30 -- हरियाणा के भिवानी जिले को 142 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने पर सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से जिले के विकास को गति मिलने के साथ किसानों को भी लाभ होगा।

श्रुति चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने जिले में आठ परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया है। इनमें 133.66 करोड़ रुपये की लागत से तैयार छह परियोजनाओं का उद्घाटन तथा 8.46 करोड़ रुपये से अधिक की दो परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

उन्होंने बताया कि भिवानी-चरखी दादरी रोड स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के उपचारित पानी के पुन: उपयोग के लिए 84.33 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना शुरू की गई है। इसके तहत 30 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी से निकलने वाले उपचारित पानी का इस्तेमाल कृषि भूमि की सिंचाई के लिए किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित