भिवानी , अगस्त 03 -- हरियाणा के भिवानी जिले के गांव धनाना की बेटी और भारतीय बॉक्सर साक्षी चौधरी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। गोल्ड मेडल जीतने के बाद साक्षी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए अपना पदक देश के 1.6 अरबभारतीयों को समर्पित किया।

साक्षी ने कहा कि उन्हें देशवासियों से लगातार मिल रहे प्यार और आशीर्वाद से नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने सभी से इसी तरह हौसला बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि उनका अगला लक्ष्य एशियन गेम्स और ओलंपिक में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना है।

उन्होंने भारतीय बॉक्सिंग महासंघ (बीएफआई) , साई, भारतीय सेना, अपने परिवार, कोच और सभी सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सभी के समर्थन से ही वह इस मुकाम तक पहुंची हैं।

कॉमनवेल्थ गेम्स के 51 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में साक्षी ने कनाडा की बॉक्सर अंबर जेन वाल को एकतरफा मुकाबले में 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराया। पूरे मुकाबले में उन्होंने शानदार रणनीति अपनाते हुए बाएं हाथ से प्रतिद्वंद्वी के पंचों को रोका और दाएं हाथ से सटीक जवाबी हमले कर निर्णायकों को प्रभावित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित