चंडीगढ़ , जून 17 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भिवानी स्थित चौधरी बंसी लाल सिविल हवाई अड्डा पर लगभग 31 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक हैंगर, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) भवन, सुरक्षा चौकी और कैंटीन का उद्घाटन किया।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना हरियाणा में आधुनिक विमानन अवसंरचना के विस्तार और क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नागरिक उड्डयन क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। उड़ान योजना के माध्यम से छोटे शहरों को हवाई सेवाओं से जोड़कर आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा को सुलभ बनाया गया है। इसी सोच के अनुरूप हरियाणा सरकार प्रदेश में हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हरियाणा को उत्तर भारत का प्रमुख विमानन केंद्र बनाना है। हिसार एयरपोर्ट का तेजी से विकास किया जा रहा है और वहां से दिल्ली, अयोध्या, चंडीगढ़ तथा जयपुर के लिए उड़ानें शुरू हो चुकी हैं। जल्द ही जम्मू और अहमदाबाद के लिए भी उड़ान सेवाएं आरंभ की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भिवानी एयरपोर्ट पर विकसित नई सुविधाएं विमानों के सुरक्षित संचालन, प्रशिक्षण गतिविधियों के विस्तार और विमानन सेवाओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगी। इससे युवाओं के लिए विमानन क्षेत्र में रोजगार और प्रशिक्षण के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि मजबूत हवाई संपर्क निवेश, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ पश्चिमी हरियाणा के विकास को नई गति देगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 200 घंटे की उड़ान पूरी करने वाले प्रशिक्षु पायलटों को बैज देकर सम्मानित किया। इस एयरपोर्ट से अब तक 120 प्रशिक्षु पायलट प्रशिक्षण पूरा कर चुके हैं। समारोह में आधुनिक दो-सीटर जायरोकॉप्टर का भी प्रदर्शन किया गया, जिसकी तकनीक और उपयोगिता की जानकारी मुख्यमंत्री ने स्वयं प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नागरिक उड्डयन, सड़क, रेल और डिजिटल कनेक्टिविटी का समन्वित विकास कर रही है, ताकि हरियाणा देश के सबसे तेज़ी से विकसित होने वाले राज्यों में अपनी अग्रणी भूमिका बनाए रख सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित