अलवर , सितम्बर 12 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले भिवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक निजी संस्थान के कार्यालय के बाहर से चोरी हुए करीब नौ लाख रुपए के जनरेटर की चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने चोरी का जनरेटर गाडोली गांव, सेक्टर-37 गुरुग्राम, हरियाणा स्थित एक गोदाम से बरामद कर लिया है।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि तीन सितंबर की रात अज्ञात चोर एमटीआई चौक कहरानी में एक निजी संस्थान के कार्यालय के बाहर रखा टाटा कंपनी का जनरेटर चोरी कर ले गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के मकानों और चौराहों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाली, साथ ही मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान की और जनरेटर की तलाश में भिवाड़ी के अलावा मेवात, मानेसर, गुरुग्राम, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के हापुड़-अमरोहा तक पुलिस दल भेजे गए।

पुलिस दल ने जांच के बाद गाडोली गांव स्थित एक गोदाम पर दबिश देकर चोरी का जनरेटर बरामद कर लिया। जनरेटर बरामद करने के बाद पुलिस ने आरोपियों दीपक शर्मा (40) और उसके साथी पंकज (28) को गिरफ्तार किया। दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित