अलवर , अगस्त 24 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने 15 किलो अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि आरोपी की पहचान हरियाणा के गुरुग्राम निवासी रवि गुर्जर (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को जेनेसिस मॉल भिवाड़ी के सामने से पकड़ा।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि ओडिशा के बलांगीर में गांजा करीब छह हजार रुपये किलो में खरीदकर गुरुग्राम और दिल्ली में इसे 14 से 15 हजार रुपये किलो तक बेचता था। वह अपने साथियों के साथ 17 अगस्त को ट्रेन से ओडिशा के बलांगीर पहुंचा, जहां से करीब 30 किलो गांजा एक लाख 80 हजार रुपये में खरीदा गया। आधा गांजा उन्होंने बेच दिया।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे जेनेसिस मॉल के सामने नाकाबंदी करके स्कॉर्पियो में 15 किलो गांजा ले जाते पकड़ा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित