अलवर , जुलाई 31 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में प्रतिबंधित एकल उपयोग प्लास्टिक के खिलाफ राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल (आरएसपीसीबी) ने कार्रवाई करते हुए छापा मारकर करीब 30 लाख रुपये का कच्चा और तैयार माल, निर्माण मशीनें और माल से भरा एक ट्रक जब्त किया।

आधिकारिक सू्त्रों ने शुक्रवार को बताया कि कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री के बिजली और पानी के कनेक्शन भी काट दिये गये, जबकि शनिवार को फैक्ट्री को सील किया जाएगा। इसे राज्य में प्रतिबंधित एकल उपयोग प्लास्टक के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

सूत्रों ने बताया कि आरएसपीसीबी, नगर परिषद और रीको के संयुक्त दल ने राजश्री ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण किया। जांच में फैक्ट्री के भीतर भारी मात्रा में प्रतिबंधित एकल उपयोग प्लास्टिक से बने थर्माकोल के दोना-पत्तल और करीब तीन टन तैयार प्लास्टिक उत्पाद बरामद हुए। इसके अलावा प्लास्टिक निर्माण में उपयोग हो रही मशीनें और तैयार माल से भरा ट्रक भी जब्त कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि फैक्ट्री संचालक पर्यावरण अनुकूल उत्पाद बनाने की आड़ में प्रतिबंधित एकल उपयोग प्लास्टिक का निर्माण कर रहे थे। इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी गयी है और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम सहित संबंधित नियमों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।

आरएसपीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी अमित जुयाल ने बताया कि शुक्रवार को फैक्ट्री के बिजली और पानी के कनेक्शन काट दिये गये हैं और शनिवार को पूरी फैक्ट्री को सील किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भिवाड़ी जैसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र में इस स्तर पर प्रतिबंधित प्लास्टिक का निर्माण मिलना गंभीर मामला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित