अलवर , अप्रैल 16 -- राजस्थान के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र भिवाड़ी में वेतन वृद्धि को लेकर श्रमिकों का प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मदरसन कंपनी के प्रदर्शन समाप्त होने के बाद गुरुवार सुबह भिवाड़ी में दो नई कंपनियों में श्रमिकों ने वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। भिवाड़ी के रिलैक्सो चौक पर रिलैक्सो इंडिया एवं निफोन कंपनी के श्रमिकों ने काम बंद करके सड़क पर जाम लगा दिया है।
बताया जा रहा है कि इस कंपनी में भी हजारों मजदूर काम करते हैं। जिस तरह मदरसन कंपनी के श्रमिकों ने आरोप लगाए, वही आरोप इन श्रमिकों ने भी लगाये हैं। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गये हैं । श्रमिकों से बातचीत का दौर शुरू हो गया है। श्रमिक कंपनी प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करके न्यूनतम 20 हजार रुपए वेतन देने की मांग कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित