अलवर , अक्टूबर 24 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध पटाखों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अरावली विहार सेक्टर-11 में दबिश देकर भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि पुलिस ने ड्राईक्लीन की दुकान की आड़ में बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण और बिक्री करने के आरोप में अमित कुमार (34) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मकान नंबर 179 में पटाखे छिपाकर रखता था और त्योहारों के दौरान ऊंचे दामों पर बेचता था।

पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय के निर्देश पर थानाधिकारी सचिन शर्मा के नेतृत्व में पुलिस दल ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को मौके पर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान कमरे से फूलझड़ी, अनार, रॉकेट, सूतली बम, बुलेट बम, गोल चक्कर सहित विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई विनीत और दोस्तों के साथ मिलकर हरियाणा एवं दिल्ली के बाहरी विक्रेताओं से पटाखे खरीदकर लाने और उन्हें महंगे दामों पर बेचने की बात बताई है। हालांकि, इस संबंध में अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित