अलवर , फरवरी 21 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी के फूलबाग थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक कबाड़ गोदाम में आग लगने से वहां रखे ड्रमों में हुए धमाकों से अफरा तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र में चैम्पियन चौक के समीप स्थित कबाड़ गोदाम में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग से कबाड़ में रखे ड्रमों में धमाके हुए। सूत्रों ने बताया कि धमाकों की आवाज से पास के आवासीय क्षेत्र से लोगों में अफरातफरी मच गई और लोग घरों से बाहर आ गए।
जहां ये आग लगी है उसके पास एक श्रमिक कॉलोनी है। जबकि तीन तरफ फैक्ट्रियां है। दमकल विभाग के सूत्रों ने बताया कि आज सुबह पांच बजे आग लगने की सूचना मिली। इस पर नगरपरिषद भिवाड़ी और रीको प्रथम सहित दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची। मौके पर भीषण आग के बीच धमाके हो रहे थे। इसी कबाड़ख़ाने के पास एक बड़ा गोदाम था जिसके आस पास कई बड़ी कंपनियां हैं और यह कबाड़ गोदाम रिहायशी क्षेत्र में स्थित एक कृषि भूमि में बना हुआ है।
आग बुझाने के लिए भिवाड़ी खुशखेड़ा , रीको भिवाड़ी, धारूहेड़ा से पहुंची दमकलों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इससे पहले पुलिस ने आसपास के निवासियों को मकानों से बाहर निकाला। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित