दुर्ग , जुलाई 29 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) परिसर में घुसकर स्क्रैप कॉपर चोरी करने के मामले में भिलाई भट्ठी थाना पुलिस ने फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी थी। अब चोरी की वारदात में शामिल तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।
पुलिस से बुधवार सुबह मिली ताज़ा जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश कुहीकर (34), निवासी कुरूद और प्रीतम कुमार उर्फ पंचू निषाद (31), निवासी मरोदा के रूप में हुई है। इस मामले के मुख्य आरोपी नेमचंद यादव (32) को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि चोरी किया गया 210 किलो स्क्रैप कॉपर, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.26 लाख रुपए है, पहले ही बरामद कर लिया गया था।
भिलाई भट्ठी थाना पुलिस के मुताबिक, 24 मई को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने भिलाई इस्पात संयंत्र के प्लेट मिल-03 के पीछे कुछ लोगों को अवैध तरीके से प्लांट परिसर में प्रवेश करते हुए पकड़ा था। आरोपी वहां से स्क्रैप कॉपर चोरी करने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद सीआईएसएफ की शिकायत पर भिलाई भट्ठी थाने में मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी नेमचंद यादव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 210 किलो स्क्रैप कॉपर बरामद किया था। इसकी कीमत करीब 1.26 लाख रुपए आंकी गई थी। आरोपी को 24 मई को ही न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
मामले में शामिल आकाश कुहीकर और प्रीतम कुमार उर्फ पंचू निषाद घटना के बाद से फरार थे। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस को 27 जुलाई को दोनों आरोपियों के संबंध में सूचना मिली, जिसके बाद घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने नेमचंद यादव के साथ मिलकर भिलाई स्टील प्लांट में प्रवेश कर स्क्रैप कॉपर चोरी करने की योजना बनाई थी।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बिना अनुमति बीएसपी परिसर में प्रवेश किया था और वहां रखे स्क्रैप कॉपर को चोरी करने का प्रयास किया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित