दुर्ग , अक्टूबर 27 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बोरी से मानव सिर बरामद होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सिर अत्यधिक सड़ी-गली अवस्था में होने के कारण मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, सिविक सेंटर स्थित भिलाई निवास के पीछे बीएसपी की सेप्टिक लाइन में पानी जाम होने की शिकायत मिली थी। इसके बाद सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंचे। सफाई के दौरान उन्हें एक बोरी में मानव सिर दिखाई दिया। कर्मचारियों ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी, जिसके बाद भिलाई नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और पंचनामा कार्रवाई के बाद सिर को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सिर लंबे समय से वहां पड़ा होने की आशंका है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह कितने समय से वहां मौजूद था और किन परिस्थितियों में वहां पहुंचा। उसके पानी के बहाव के साथ सेप्टिक लाइन तक आने की आशंका भी जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित