दुर्ग , अगस्त 20 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में हथखोज औद्योगिक क्षेत्र स्थित सिसकोल प्लांट में बुधवार रात क्रेन से लोहे की प्लेट गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान धमधा निवासी राजेश निर्लमलकर (40) के रूप में हुई है।

पुलिस से गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार राजेश धमधा से भिलाई आकर सिसकोल प्लांट में काम करता था। हादसे के समय वह प्लांट में क्रेन ऑपरेट कर रहा था। इसी दौरान क्रेन की मदद से लोहे की प्लेट को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से प्लेट क्रेन से फिसलकर नीचे गिर गई और सीधे राजेश के ऊपर जा गिरी। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद प्लांट में काम के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया गया है कि करीब सात महीने पहले भी इसी प्लांट में लगभग इसी तरह की दुर्घटना हुई थी। उस समय क्रेन से लोहे की प्लेट गिरने के कारण क्रेन ऑपरेटर लेखूराम कौशल (35) की मौत हो गई थी। काम के दौरान प्लेट क्रेन से फिसलकर उसके ऊपर गिर गई थी।

पिछली घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही अथवा तकनीकी खामी की आशंका के मद्देनजर प्लांट के कर्मचारियों से पूछताछ कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की बात कही थी।

वहीं, ताजा हादसे के बाद मजदूरों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। मजदूरों का कहना है कि केवल दुर्घटना के बाद जांच करना पर्याप्त नहीं है। काम के दौरान मजदूरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कंपनी की है और इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए। क्रेन, लोहे की प्लेटों को उठाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और अन्य सुरक्षा साधनों की नियमित जांच जरूरी है।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लोहे की प्लेट क्रेन से किन परिस्थितियों में गिरी और हादसे के लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित