भिण्ड , अप्रैल 15 -- माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं परीक्षा परिणाम में भिण्ड जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की मेरिट सूची में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। जिले के आठ छात्रों ने प्रावीण्य सूची में स्थान बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। जिले का कुल परीक्षा परिणाम 67.37 प्रतिशत दर्ज किया गया है।

जिले की अंशू गुप्ता, आरपीएस सेंट्रल हाईस्कूल भिण्ड ने 494 अंक प्राप्त कर प्रदेश में छठवां स्थान हासिल किया। इसी स्थान पर शासकीय हाईस्कूल जाखौली के वेदप्रकाश कौरव ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

सातवें स्थान पर दृष्टि सिंह राठौर ने 493 अंक प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया। वहीं नौवें स्थान पर 491 अंक के साथ अनुराग शर्मा (टीडीएस अकादमी मेहगांव), अग्रवाल विद्या मंदिर भिण्ड के छात्र तथा शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोरमी के दिव्यांश ने स्थान प्राप्त किया।

इसके अलावा दसवें स्थान पर 490 अंक के साथ निराली बघेल (शासकीय उमावि क्रमांक एक भिण्ड), मोहिनी जाटव (शासकीय कन्या विद्यालय गोरमी) और विशाल सिंह (शासकीय सांदीपनि उमावि कनावर) ने भी प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से शिक्षा विभाग में उत्साह का माहौल है। शिक्षकों और अभिभावकों ने सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित