भिण्ड , अक्टूबर 20 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड से विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के 35 वर्षीय बेटे पुष्पेंद्र सिंह कुशवाह का मंगलवार तड़के दिल्ली में निधन हो गया। वह लंबे समय से लिवर संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (आईएलबीएस) में उनका उपचार चल रहा था। पिछले आठ दिनों से उन्हें लाइफ सपोर्ट पर रखा गया था।

पुष्पेंद्र सिंह की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली में भर्ती कराया गया था। निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर भिण्ड लाया जा रहा है। अंतिम संस्कार का समय अभी तय नहीं हुआ है। वह अपने पीछे छह वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं। उनके निधन की खबर से परिवार में शोक छा गया। भाजपा के कार्यकर्ता, पदाधिकारी, विधायक के समर्थक और शहरवासी शोक व्यक्त करने उनके घर पहुंचने लगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित