भिण्ड , अगस्त 15 -- मध्य प्रदेश के भिण्ड में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस आज शनिवार को उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य समारोह में कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान की धुन से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। समारोह में पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस जवान, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद पुलिस बल, छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स की टुकड़ियों ने अनुशासित कदमताल के साथ आकर्षक मार्चपास्ट किया और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने समारोह को संबोधित किया। स्वतंत्रता और शांति के प्रतीक के रूप में कबूतर और गुब्बारे भी छोड़े गए। विभिन्न विभागों की ओर से संदेशपरक और आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों और कारगिल शहीद सैनिकों के परिवारों का सम्मान किया गया। जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित