भिण्ड , अप्रैल 27 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं के चलते भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 29 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है।

स्थिति यह है कि अब दिन के साथ-साथ रात में भी लू का असर महसूस किया जा रहा है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। चंबल संभाग के अन्य जिलों में भी इसी तरह के हालात देखने को मिल रहे हैं।

तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। लोग केवल आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं और धूप से बचने के लिए चेहरे को कपड़े से ढककर तथा सिर पर गमछा या टोपी लगाकर निकल रहे हैं।

गर्मी से राहत पाने के लिए बाजारों में ठंडे पेय पदार्थों, गन्ने के रस और अन्य शीतल पेयों की मांग बढ़ गई है। चिकित्सकों ने चेतावनी दी है कि तेज गर्मी के कारण उल्टी, दस्त, डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। बचाव के लिए अधिक पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और दोपहर में धूप से बचने की सलाह दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित