भिण्ड , नवंबर 1 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में 40 दिन में रकम दोगुनी करने का भरोसा देकर हजारों लोगों से करोड़ों रुपये जुटाने वाली ऑरोरा एक्स कंपनी के खिलाफ शहर कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। कंपनी के झांसे में आकर भिण्ड शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक निवेशकों ने अपनी जमा पूंजी लगा दी थी। कंपनी का कारोबार बंद होने के बाद निवेशकों की रकम फंस गई है।

पुलिस के अनुसार, कंपनी ने भिण्ड की हाउसिंग कॉलोनी में कार्यालय खोलकर और शहर में बैनर लगाकर प्रचार किया था। बेरोजगार युवाओं को रोजगार का लालच देकर भी नेटवर्क से जोड़ा गया। कंपनी निवेशकों को एक मोबाइल एप के माध्यम से डॉलर ट्रेडिंग कर कमाई होने का दावा करती थी और 40 दिन में रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाती थी।

शहर कोतवाली थाना प्रभारी अनीता गुर्जर ने बताया कि भरौली निवासी विक्की सिंह राजावत की शिकायत पर कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई। कंपनी की गतिविधियों पर सवाल तब उठने लगे, जब 14 अक्टूबर से निवेशकों को रकम निकालने में परेशानी होने लगी। शुरुआत में कंपनी ने एप में तकनीकी अपडेट का हवाला दिया। इसके बाद ट्रेडिंग और अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर निवेशकों को इंतजार कराया जाता रहा। 23 अक्टूबर तक निकासी शुरू होने का भरोसा दिया गया, लेकिन रकम वापस नहीं मिली। बाद में कंपनी ने साइबर हमले का हवाला देकर कारोबार समेट लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित