भिण्ड , जुलाई 29 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी दूध एवं दुग्ध उत्पादों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 300 किलोग्राम संदिग्ध घी जब्त किया है। जब्त घी की अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपए बताई गई है। वहीं खाद्य पंजीयन नहीं मिलने पर दो दुकानों को बंद करा दिया गया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त के निर्देश तथा कलेक्टर के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी किरण सेंगर ने इटावा रोड स्थित जोशी नगर में सुशील जैन घी भंडार का निरीक्षण किया। चलित खाद्य प्रयोगशाला से प्राथमिक जांच में घी संदिग्ध पाए जाने पर उसका नमूना लेकर दुकान में रखा करीब 300 किलोग्राम घी जब्त कर लिया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पंजीयन नहीं मिलने पर दुकान को भी बंद करा दिया गया।
सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर सेवा नगर स्थित पंडित किराना स्टोर का भी निरीक्षण किया गया। यहां भी खाद्य पंजीयन नहीं मिलने पर विभाग ने दुकान बंद कराने की कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेखा सोनी ने मेहगांव स्थित गुरु कृपा दूध डेयरी से दूध के चार नमूने लिए। इसके अलावा गोकुल मिष्ठान भंडार से दूध, दही, मावा, घी, पनीर, बेसन के लड्डू तथा टोस्ट के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
विभाग के अनुसार सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट में मिलावट अथवा गुणवत्ता में कमी की पुष्टि होने पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वही खाद्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित