भिण्ड , अगस्त 04 -- मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले में सोमवार शाम से शुरू हुई बारिश मंगलवार को भी रुक-रुककर जारी रही। लगभग 12 घंटे तक हुई तेज और रिमझिम बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। कई स्थानों पर पानी घरों में घुस गया, जबकि सड़क किनारे खड़े चार पहिया वाहनों में भी पानी भर गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शास्त्री कॉलोनी, पुरानी बस्ती, रेलवे स्टेशन क्षेत्र, पुरानी गल्ला मंडी, खंडा रोड, जिला अस्पताल, डॉक्टर लाइन, राजहोली सहित 10 से 12 कॉलोनियों और मोहल्लों में सड़कों पर करीब दो फीट तक पानी भर गया। लगातार वर्षा के कारण निचले इलाकों में जलभराव होने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सोमवार रात करीब दो बजे के बाद तेज बारिश शुरू हुई, जो पूरी रात और मंगलवार सुबह तक रुक-रुककर होती रही। स्थानीय लोगों ने जलभराव की सूचना नगर पालिका को दी। नागरिकों का आरोप है कि कई कर्मचारियों ने फोन रिसीव नहीं किए। उनका कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें स्वयं ही घरों और आसपास से पानी निकालने के प्रयास करने पड़े।

बारिश के बाद नगर पालिका की तैयारियों पर भी सवाल उठे हैं। लोगों का कहना है कि समय पर नालों की सफाई नहीं होने से वर्षा का पानी तेजी से जमा हो गया। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था में सुधार तथा नालों की नियमित सफाई की मांग की है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जिले में अगले दो से तीन दिन तक बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। शहर में जहां जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में यह बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई। पिछले एक सप्ताह से वर्षा नहीं होने के कारण ज्वार, बाजरा, उड़द, मूंग, तिल और धान की फसलें प्रभावित हो रही थीं। मंगलवार की बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी पहुंचने से किसानों ने राहत की सांस ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित