भिण्ड , मार्च 05 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में पुलिस विभाग ने गुरुवार को उत्साह और उल्लास के साथ होली का पर्व मनाया। पुलिस अधीक्षक असित यादव खुली जीप में सवार होकर शहर में होली जुलूस के साथ निकले। इस दौरान पुलिस जवानों और शहरवासियों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाया।
जुलूस की शुरुआत ऑफिसर कॉलोनी से हुई और यह शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुलिस लाइन पहुंचा। पुलिस अधीक्षक खुली जीप में खड़े होकर लोगों का अभिवादन करते रहे। कई स्थानों पर स्वागत के लिए खड़ी जेसीबी मशीनों से रंग बरसाया गया।
जवानों और नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक पर रंग डाला और उन्होंने भी सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए रंग उड़ाया। जुलूस के दौरान अधिकारी और जवान डीजे की धुन पर थिरकते नजर आए। करीब दो से ढाई घंटे तक शहर में भ्रमण के बाद जुलूस पुलिस लाइन पहुंचा, जहां समापन अवसर पर ठंडाई, पकौड़ी और अन्य व्यंजनों की व्यवस्था की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित