भिण्ड , जून 17 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड शहर के गौरी तालाब क्षेत्र में 11 दिन पहले हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल एक युवक की बुधवार को उपचार के दौरान ग्वालियर में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के खिरिका मोतीपुरा निवासी सचिन राजावत पर गत छह जून की दोपहर गौरी तालाब क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हमला किया गया था। आरोप है कि कुछ लोगों ने पहले उसके साथ मारपीट की और बाद में उसे विक्रमपुरा स्थित एक मकान पर ले जाकर पाइप, सरिया, डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। हमले में सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भिण्ड लेकर पहुंचे जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। हालांकि उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और लगातार तबीयत बिगड़ती रही।
परिजनों के मुताबिक मारपीट में आई अंदरूनी चोटों के कारण सचिन को लगातार दर्द और अन्य परेशानियां बनी हुई थीं। हालत गंभीर होने पर 15 जून को उसे बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया। वहां उसे गजानन मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान आज उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के पिता विनोद सिंह राजावत की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने बेटू सिंह राजावत, अविनाश सिंह राजावत, ध्यानेन्द्र सिंह राजावत और राजवीर सिंह राजावत के खिलाफ हत्या की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित