भिण्ड , मई 28 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में हनी ट्रैप के जरिए ब्लैकमेलिंग करने वाले गिरोह के दो महिलाओं सहित चार सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी वृद्ध पुरुषों और किसानों को निशाना बनाकर अश्लील वीडियो तैयार करते थे और फिर झूठे दुष्कर्म प्रकरण में फंसाने तथा वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रकम वसूलते थे।
भिण्ड देहात थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत ने बताया कि 27 मई को एक किसान ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार 23 मई को वह भिण्ड बाजार से अपने गांव लौट रहा था, तभी रास्ते में एक महिला ने पैर में दर्द होने का बहाना बनाकर घर तक छोड़ने की मदद मांगी। किसान महिला को उसके घर छोड़ने पहुंचा, जहां उसे चाय पीने के बहाने घर के भीतर बुला लिया गया।
उन्होंने बताया कि यह पूरी साजिश पहले से रची गई थी। घर में मौजूद गिरोह के अन्य सदस्यों ने किसान का अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपियों ने वीडियो वायरल करने, झूठे दुष्कर्म मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी देकर सात लाख रुपये की मांग की। आरोपियों ने तत्काल पांच हजार रुपये वसूल लिए तथा शेष राशि खेत बेचकर देने का दबाव बना रहे थे।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 331/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक तथा नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
टीआई राजावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हजूरीपुरा रोड क्षेत्र से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में सपना नगर (35), बबलू उपाध्याय (50), अखिलेश बघेल (26) और ममता बघेल (32) शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने अन्य लोगों को भी इसी प्रकार निशाना बनाया है या नहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित