भिण्ड , मई 30 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में देहात थाना पुलिस द्वारा पकड़े गए हनीट्रैप गैंग की जांच में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। लोगों को फंसाने वाली गैंग की एक महिला मेडिकल जांच में एचआईवी पॉजिटिव पाई गई है।
पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भिण्ड जिला अस्पताल में हुए परीक्षण और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि महिला पिछले करीब तीन साल से इस बीमारी का इलाज भी ले रही थी। खुलासे के बाद ब्लैकमेलिंग का शिकार हुए पीड़ितों की मुश्किलें और स्वास्थ्य की चिंताएं बढ़ गई हैं।
पुलिस ने इस मामले में अब तक दो महिलाओं और दो पुरुषों सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह धनवान लोगों को अपने प्रेमजाल में फंसाकर उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाता था। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़ितों से लाखों रुपये की उगाही की जाती थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त किए हैं। जांच के दौरान इनमें बड़ी संख्या में अश्लील वीडियो, फोटो और पैसों के वित्तीय लेनदेन से जुड़े कई दस्तावेज बरामद हुए हैं। इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पता लगा रही है कि गैंग ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और इनकी उगाही का नेटवर्क किन-किन जिलों तक फैला है।
इस मामले की जांच के दायरे में एक अधिवक्ता (वकील) का नाम भी सामने आया है। पुलिस अब यह पड़ताल कर रही है कि पीड़ितों से ब्लैकमेलिंग के जरिए ऐंठी गई रकम के लेनदेन में इस वकील की क्या भूमिका रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित