भिण्ड , जून 20 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड देहात थाना क्षेत्र के चर्चित कल्याणपुरा हत्याकांड का पुलिस ने आज 14 महीने बाद खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग महिला की हत्या और चोरी की वारदात को सात आरोपियों ने मिलकर अंजाम दिया था। फिलहाल इस मामले में छह अन्य आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी महावीर उर्फ रिंकू राठौर अपनी महिला मित्र के घर रहकर गांव और मकानों की रेकी करता था। इसी दौरान उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी। पुलिस के मुताबिक 14-15 अप्रैल 2025 की रात कल्याणपुरा गांव में एक सेवानिवृत्त फौजी अपने मकान के अंदर सो रहे थे जबकि उनकी पत्नी सुशीला छत पर अकेली सो रही थीं। अगले दिन सुबह करीब साढ़े चार बजे जब वे छत पर पहुंचे तो पत्नी मृत अवस्था में मिलीं। वहीं घर के कमरे का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। बदमाश हत्या के बाद घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए थे। घटना के बाद देहात थाना पुलिस ने हत्या और चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भिण्ड पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच के दौरान फोरेंसिक, साइबर सेल, फिंगर प्रिंट और डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई। एसआईटी ने करीब 150 संदिग्धों से पूछताछ की, 500 से अधिक लोगों के तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
पुलिस ने जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 17 जून को ग्राम देहरा से महावीर उर्फ रिंकू राठौर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने छह साथियों के साथ वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि चोरी के दौरान बुजुर्ग महिला ने विरोध किया था। इसी दौरान उसका मुंह दबा दिया गया जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद सभी आरोपी जेवरात लेकर फरार हो गए थे।
पुलिस के अनुसार महावीर पर चंबल जोन के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ चोरी के अलावा अन्य गंभीर आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक जोड़ी सोने की झुमकी, एक जोड़ी कान की बाली, एक सोने की अंगूठी, एक नाक की बाली और तीन जोड़ी चांदी की बिछिया बरामद की हैं। बरामद जेवरों की कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अब फरार छह आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित