भिण्ड , अक्टूबर 31 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया।
इस अवसर पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। इंदिरा गांधी चौराहे से सांसद संध्या राय ने कलेक्टर पवन कुमार जैन की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को रवाना किया। दौड़ में विद्यार्थी, खिलाड़ी, एनसीसी-एनएसएस कैडेट, अधिकारी-कर्मचारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साह से भाग लिया।
एकता दौड़ इंदिरा गांधी चौराहे से शुरू होकर 17वीं वाहिनी एसएएफ बटालियन परिसर में संपन्न हुई। यहां सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर उन्हें नमन किया गया। सांसद संध्या राय ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई।
सांसद संध्या राय ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की एकता के लिए जो नींव रखी, वही आज प्रशासन और लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। रियासतों का भारत संघ में विलय कराने और देश के पहले गृह मंत्री के रूप में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने लोगों से सरदार पटेल के विचारों और सिद्धांतों को अपनाने की अपील की।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर 17वीं वाहिनी एसएएफ परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान और स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया गया। कलेक्टर पवन कुमार जैन ने शिविर में पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान किया। उनके साथ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों तथा एसएएफ के जवानों ने भी रक्तदान किया। इसी दौरान परिसर में पौधारोपण भी किया गया। सांसद संध्या राय, कलेक्टर पवन कुमार जैन और अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधे लगाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित