भिण्ड , जुलाई 4 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में समर्थन मूल्य पर फसल खरीदी के लिए किए जाने वाले सरकारी पंजीयन में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की जांच में किसानों के नाम पर गलत भूमि विवरण और रकबा दर्ज कर उपार्जन पंजीयन किए जाने की अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुनील मुद्गल ने मिहोना थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सेवा सहकारी संस्था जैतपुरा के प्रभारी संजीव पाठक, ऑपरेटर राहुल कुमार, सेवा सहकारी संस्था मिहोना के प्रभारी सीताराम मानिक तथा ऑपरेटर सौरभ बरुआ के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
मिहोना थाना प्रभारी रोहित गुप्ता ने आज यहां बताया कि शिकायत में किसानों के नाम पर गलत रकबा दर्ज कर पंजीयन किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लहार के एसडीएम कार्यालय के निर्देश पर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुनील मुद्गल ने लहार थाने में भी करीब एक दर्जन सहकारी समिति प्रभारियों और ऑपरेटरों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस शिकायत की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक साक्ष्य मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। सरकारी उपार्जन व्यवस्था में सामने आए इस फर्जीवाड़े से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि जांच का दायरा बढ़ने पर इस मामले में और भी जिम्मेदार लोगों की भूमिका सामने आ सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित