भिण्ड , अक्टूवर 31 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले क गोरमी थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में शुक्रवार रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने कहासुनी के बाद युवक के गले पर कट्टा सटाकर गोली मारी। बुलेट गले को चीरकर निकल गई। करीब सात-आठ राउंड फायरिंग हुई है।
गोरमी पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान मोहनपुर निवासी 18 वर्षीय रिक्की पंडित के रूप में हुई है। कुछ लोगों ने रास्ते में उसे रोककर गोली मारी और सड़क पर शव छोड़कर भाग गए। वारदात के बाद गोरमी थाने के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई है। वारदात गोरमी की कचनाव रोड पर हुई। गोली लगने से रिक्की ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गोलीबारी के बाद कचनाव रोड और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही मेहगांव एसडीओपी संजय कौच्छा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान के साथ आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस विवाद की वजह और दोनों पक्षों के बीच हुई फायरिंग से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
पुलिस ने मृतक का आज अंतिम परीक्षण कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित