, April 25 -- भिण्ड 25 अप्रैल। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार बस ने मोटरसाइकिल सवार चार युवकों को सामने से टक्कर मार दी जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

इसके बाद बस चालक मोटरसाइकिल को अपने वाहन के नीचे फंसाए हुए किशोर सिंह के पुरा से ऊमरी कस्बे तक करीब पांच किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया। इस दौरान सामने से आ रही एक कार सवार ने बस का पीछा किया और उसे रोकने का प्रयास किया। कई बार हॉर्न बजाने के बावजूद बस चालक ने वाहन नहीं रोका और भागने लगा। कुछ दूर जाकर वह रुक गया और बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। जिसके बाद घबराए यात्री उतरकर इधर-उधर भागने लगे जिसका फायदा उठा कर चालक फरार हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और 112 एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को रौन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक घायल को भिण्ड जिला अस्पताल रेफर किया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। चौथा युवक अभी भी गंभीर हालत में है लेकिन अस्पताल में वेंटिलेटर नहीं था इसलिए बेहतर इलाज के लिए उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया। हालांकि एंबुलेंस उपलब्ध न होने के कारण वह करीब एक घंटे तक भिण्ड के जिला अस्पताल में दर्द से तड़पता रहा। खबर लिखे जाने तक मृतक और घायल युवकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी हुई है।

ऊमरी थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह राजावत ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया। तीन युवकों की मौत हो चुकी है, जबकि एक का इलाज जारी है। मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित