भिण्ड , जून 20 -- मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र में सोनी रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गये। घायलों में से एक की हालत गंभीर बनी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम को ऐनो गांव निवासी 20 वर्षीय विकास जाटव अपने तीन अन्य साथियों के साथ सोनी गांव में एक विवाह समारोह में शामिल होने गया था। उसके साथ सिलौली निवासी अरविंद सिंह (29), कौंहार निवासी गिरीश (20) और एंडोरी निवासी कोमल (26) भी थे। चारों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस ऐनो गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बैंक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने उनकी मोटरसाइकिल का पीछा किया। मोटरसाइकिल फाइनेंस करायी गयी थी। मोटरसाइकिल सवार पीछा करने पर घबराकर भागने लगे। इस दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर लोहे के खंभे से टकरा गई। जिसमें एक युवक की मौत हो गयी और अन्य तीन गभीर रूप से घायल हो गये।
घायलों ने पुलिस को बताया कि रास्ते में सुनारपुरा मोड़ के पास उन्हें बैंक फाइनेंस से जुड़े कुछ कर्मचारी मिल गए। जिस मोटरसाइकिल पर वे चारों सवार थे वह फाइनेंस पर खरीदी गई थी और उसकी किश्तें बकाया थीं। आरोप है कि कर्मचारियों ने मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया और उनके पीछे लग गए। इससे मोटरसाइकिल चला रहा विकास घबरा गया और उसने रिकवरी एजेंटों से बचने के लिए तेज गति से वाहन दौड़ा दिया। घबराहट और तेज रफ्तार के कारण सोनी रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचते ही मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और सीधे एक लोहे के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी घायलों को मेहगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। मेहगांव अस्पताल में परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने 20 वर्षीय विकास को मृत घोषित कर दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए कोमल को प्राथमिक उपचार देकर बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। वहीं, अरविंद और गिरीश का उपचार मेहगांव अस्पताल में ही किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मेहगांव थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के साथ-साथ फाइनेंस कर्मियों द्वारा पीछा किए जाने वाले आरोपों की भी बारीकी से पड़ताल कर रही है। मृतक के शव का शनिवार को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित