भिण्ड , जून 19 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के मिहोना कस्बे में एक 26 वर्षीय युवक की आज संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि तबीयत खराब होने पर युवक को स्थानीय मेडिकल स्टोर संचालक के पास ले जाया गया था जहां से दवा लेने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

भिण्ड के मिहोना निवासी मृतक दीपक कुषवाह 26 साल के परिजनों के अनुसार युवक की तबीयत खराब होने पर उसे मछण्ड तिराहे के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर पर ले जाया गया था। आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक द्वारा दवा दिए जाने के बाद युवक की हालत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही मिहोना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति एक मेडिकल स्टोर का संचालन करता है। मृतक के परिजनों ने दवा देने में लापरवाही और गलत दवा दिए जाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने पर उन्होंने मामले में कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी। घटना के बाद क्षेत्र में बिना अनुमति उपचार और दवा वितरण को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

थाना प्रभारी रोहित गुप्ता ने बताया कि आज शुक्रवार को युवक की मौत की सूचना प्राप्त हुई थी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है तथा मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी लेकिन घटना ने क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों से उपचार और दवा वितरण की व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित