भिण्ड , जून। 18 -- मध्यप्रदेष के भिण्ड जिले में बिजली कटौती, बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर की समस्याओं को लेकर आज गुरुवार को ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी ने बिजली विभाग के भिण्ड में एसई कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर 15 दिन में समस्याएं दूर करने की मांग की।
ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता वाटर वर्क्स रोड स्थित बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने बिजली विभाग और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि जिले में बिना सूचना के बार-बार बिजली काटी जा रही है जिससे आम लोगों, किसानों, छात्रों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने कहा कि भीषण गर्मी में लोग घंटों बिजली कटौती झेलने को मजबूर हैं। उपभोक्ताओं से ज्यादा बिजली बिल वसूले जा रहे हैं लेकिन उन्हें पर्याप्त बिजली और बेहतर सुविधा नहीं मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई लोगों के बिजली बिल बढ़ गए हैं और शिकायतों का समय पर समाधान भी नहीं हो रहा है। कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में बिजली आपूर्ति में सुधार, बिना सूचना की बिजली कटौती बंद करने, बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कराने, स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों का समाधान करने और खराब डीपी व पुराने तार बदलने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित