भिण्ड , जून 20 -- मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र में पांच रुपए के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में चक्की मालिक ने एक ग्राहक का कान काट लिया।
यह घटना कल शाम खैरियातोर मोड़ स्थित चक्की पर पिसाई के पैसों को लेकर हुए विवाद में चक्की मालिक ने ग्राहक का कान दांत से काट लिया। हमले में ग्राहक मौरोली गांव निवासी धान सिंह भदौरिया के कान का एक हिस्सा कटकर अलग हो गया। घायल ने मेहगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई जिस पर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि धान सिंह भदौरिया ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने खैरियातोर मोड़ पर स्थित पप्पू ओझा की चक्की पर साढ़े 37 किलो गेहूं पिसवाने के लिए दिए थे। कल शाम जब वह आटा लेने पहुंचा तो उसे करीब 36 किलो आटा वापस दिया गया। इसी दौरान पिसाई के पैसों को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, चक्की संचालक ने पिसाई के बदले 45 रुपए मांगे थे जबकि धान सिंह ने 40 रुपए दिए। पांच रुपए न देने को लेकर चक्की मालिक और ग्राहक के बीच तीखी बहस हुई। विवाद हाथापाई तक पहुंच गया और गुस्से में संचालक ने ग्राहक धान सिंह के कान को दांत से काट लिया।
घायल धान सिंह ने बताया कि हमले में उसके कान के निचले हिस्से का एक भाग कटकर अलग हो गया। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद पीड़ित लहूलुहान हालत में थाने पहुंचा और आरोपी संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित