भिण्ड , जुलाई 29 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में मध्यप्रदेश पटवारी संघ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। जिला स्तरीय बैठक में पटवारियों ने 28 जुलाई से 2 अगस्त तक सभी ऑनलाइन कार्यों के बहिष्कार का ऐलान किया है। इस अवधि में सारा सहित अन्य ऑनलाइन सेवाओं से जुड़े कार्य नहीं किए जाएंगे।

लहार में आयोजित बैठक में संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि शासन के समक्ष लंबे समय से पटवारियों की पांच न्यायोचित मांगें लंबित हैं, लेकिन अब तक उनका निराकरण नहीं किया गया है। इसके विरोध में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है। बैठक में उपस्थित सभी पटवारियों ने संगठन के निर्देशों का पालन करते हुए ऑनलाइन कार्यों के बहिष्कार का संकल्प लिया।

संघ के जिला अध्यक्ष विनायक सिंह तोमर ने कहा कि यदि 2 अगस्त तक शासन की ओर से मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 3 अगस्त से जिले के सभी पटवारी संपूर्ण कार्यों का बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। बैठक में आंदोलन की आगामी रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि पटवारियों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित