भिण्ड , जून 22 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र के खैरा श्यामपुरा गांव के पास हाईवे-552 पर सोमवार को दो वाहनों की टक्कर में छह लोग घायल हो गये।
पुलिस के अनुसार एक इको वाहन भिण्ड से उत्तर प्रदेश के गोपालपुर घाट पर आयोजित घाट पूजन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे श्रद्धालुओं को लेकर जा रहा था। शाम चार बजे के करीब खैरा श्यामपुरा गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन सड़क किनारे खाई में पलट गया, जिससे उसमें सवार लोग घायल हो गए। दुर्घटना में छह वर्षीय आर्यन गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं उसकी 36 वर्षीय मां गुड्कोडी देवी को वाहन का कांच लगने से गंभीर चोटें आईं। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊमरी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मां-बेटे को भिण्ड जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही ऊमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित