भिण्ड , अक्टूबर 03 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर में शुक्रवार को दो महिलाओं के गले से सोने की चेन लूटने की घटनाएं सामने आईं। देव नगर क्षेत्र में 91 वर्षीय महिला से नकाबपोश बदमाश ने पैदल चेन लूटी, जबकि नई आबादी क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश एक महिला के गले से चेन झपटकर फरार हो गए। पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों की तलाश कर रही है।
देव नगर पेच नंबर-2 निवासी शांति देवी शुक्रवार दोपहर घर से कुछ दूरी पर स्थित जैन मंदिर गई थीं। पूजा के बाद वह पैदल घर लौट रही थीं। मंदिर की सीढ़ियों से कुछ दूरी पर पीछे से आया मास्क पहने एक व्यक्ति अचानक उनके गले पर झपटा और सोने की चेन खींचकर पैदल भाग गया। अचानक हुई वारदात से महिला घबरा गईं और उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी गली से फरार हो चुका था।
परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।
इससे पहले शुक्रवार शाम नई आबादी क्षेत्र में भी सुनीता जैन के साथ चेन लूट की वारदात हुई। सुनीता शाम करीब सात बजे दूध लेने बाजार जा रही थीं। उनके अनुसार घर से निकलते समय उन्होंने क्षेत्र में घूम रहे मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को देखा था। दोनों ने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे।
सुनीता के अनुसार कुछ देर बाद दोनों युवक मोटरसाइकिल से गली की दूसरी तरफ चले गए। वह विनोद यादव के मकान के सामने पहुंचीं, तभी दोनों बदमाश पीछे से मोटरसाइकिल पर आए। पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। इसके बाद दोनों मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित