भिण्ड , अप्रैल 28 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में भीषण गर्मी के बीच सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। देर रात बादल छाए और कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन सुबह होते ही एक बार फिर लू चलने लगी।
जानकारी के अनुसार रात करीब एक से दो बजे के बीच आसमान में बादल छाए और कुछ इलाकों में पांच से सात मिनट तक हल्की बारिश दर्ज की गई। इससे पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री दर्ज किया गया था, जिससे दिनभर लोग भीषण गर्मी से परेशान रहे। रात करीब दस बजे के बाद मौसम में बदलाव शुरू हुआ और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हुई, लेकिन इसके बाद उमस बढ़ गई।
आज सुबह आसमान साफ होते ही तेज धूप निकल आई और दिन चढ़ने के साथ गर्मी का असर बढ़ता गया। पांच से आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने लगीं। मंगलवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में मामूली गिरावट के बावजूद लू का असर बना हुआ है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान की ओर से आने वाली गर्म हवाओं के कारण आने वाले दिनों में दिन और रात दोनों के तापमान में वृद्धि हो सकती है। प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित