, Oct. 17 -- भिण्ड, 18 अक्टूबर (वार्त) मध्यप्रदेष के भिण्ड में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसों को रोकने के लिए भिण्ड में प्रशासन विशेष व्यवस्था करेगा। छोटी प्रतिमाओं को एक स्थान पर एकत्रित कर विसर्जित किया जाएगा जबकि बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए क्रेन और पोकलेन मशीनों की मदद ली जाएगी। लोगों को तालाब और नदी में उतरने से रोकने के लिए सुरक्षा बल तैनात रहेंगे।
कलेक्ट्रेट में हुई जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में कलेक्टर पवन कुमार जैन ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान लोगों को तालाब या नदी के अंदर उतरने से रोकने का प्रयास किया जाएगा। छोटी प्रतिमाओं को एक स्थान पर एकत्रित कर सम्मानपूर्वक विसर्जित किया जाएगा। विसर्जन स्थलों पर एसडीईआरएफ, गोताखोर, होमगार्ड, चौकीदार और स्थानीय प्रशासन की टीमें तैनात रहेंगी। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित स्थानों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करने की अपील की है।
त्योहारों के दौरान बाजारों और जुलूस मार्गों पर भीड़ बढ़ने को देखते हुए कलेक्टर ने नगर पालिका को सड़कों के गड्ढे भरने, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट चालू कराने और विशेष अभियान चलाकर कचरा उठाने के निर्देश दिए। बिजली विभाग को झूलते तार व्यवस्थित करने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। कलेक्टर ने शांति समिति के सदस्यों से भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
कलेक्टर ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट कर लोगों की जान से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जुर्माने के साथ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोष सिद्ध होने पर आवश्यकतानुसार मकान ध्वस्त करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है। कलेक्टर ने नागरिकों और शांति समिति के सदस्यों से मिलावट की जानकारी अपर कलेक्टर तक पहुंचाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने निर्देश दिए कि पटाखों की दुकानें बिना अनुमति और गलियों में नहीं लगाई जाएं। दुकानों के लिए निर्धारित स्थल तय किया जाएगा, ताकि भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा संबंधी जोखिम कम किए जा सकें। उन्होंने लोगों से नियमों के उल्लंघन की जानकारी पुलिस को देने की अपील की। पुलिस विसर्जन और अन्य त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करेगी।
बैठक में महानवमी, दशहरा, महर्षि वाल्मीकि जयंती और दीपावली के दौरान साम्प्रदायिक सौहार्द, यातायात, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई। शांति समिति के सदस्यों ने त्योहारों के बेहतर आयोजन के लिए सुझाव भी दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ वीरसिंह चौहान, अपर कलेक्टर राजन बी. नाडिया, नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा वाल्मीकि, जनपद पंचायत अध्यक्ष सरोज बघेल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित