भिण्ड , सितम्बर 19 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के लहार अनुभाग के मिहोना थाना क्षेत्र में काथा-सिकरी रोड पर शुक्रवार देर रात मोटरसाइकिल सवार दंपती से तीन हथियारबंद बदमाशों ने लूट की। बदमाशों ने कट्टा दिखाकर मोटरसाइकिल रुकवाई और महिला के जेवर एवं नकदी लूटकर रावतपुरा की ओर भाग गए।

सूचना के बाद मिहोना, लहार और रावतपुरा थाना पुलिस ने पीछा किया। उत्तरप्रदेश की सीमा की ओर भागने की आशंका पर सीमा क्षेत्र में भी घेराबंदी की गई। खेतों में छिपे होने की सूचना पर देर रात तक भी तलाश अभियान चलाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसा मिहोना थाना क्षेत्र के दवरेहा गांव निवासी सुनील दोहरे पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से लहार क्षेत्र के मेरी गांव स्थित ससुराल जा रहे थे। दंपती काथा से सिकरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तीन बदमाशों ने मोटरसाइकिल के सामने अपनी मोटरसाइकिल लगा दी। तीनों ने कट्टे निकालकर दंपती को धमकाया। इसके बाद महिला के सोने के जेवरात उतरवा लिए। बदमाश नकदी भी ले गए और रावतपुरा की ओर भाग निकले।

लूट की सूचना मिलते ही मिहोना पुलिस ने आसपास के रास्तों पर नाकाबंदी कराई। बदमाशों के रावतपुरा थाना क्षेत्र की ओर जाने की जानकारी मिलने पर लहार और रावतपुरा पुलिस को भी सूचना दी गई। इसके बाद तीनों थानों की पुलिस ने संभावित रास्तों पर घेराबंदी कर दी।

बदमाशों के उत्तरप्रदेश की ओर भागने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सीमा क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान खेतों में बदमाशों के छिपे होने की सूचना मिली। लहार एसडीओपी प्रवीण त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने खेतों और आसपास के इलाके में तलाश शुरू की। देर रात तक भी सर्चिंग ऑपरेशन जारी है।

लहार एसडीओपी प्रवीण त्रिपाठी ने आज यहां बताया कि बदमाशों की तलाश में सर्चिंग चल रही है। पुलिस टीमों को अलग-अलग संभावित स्थानों पर लगाया गया है। जल्द सफलता मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित