भिण्ड , सितंबर 17 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के देहात थाना क्षेत्र में अटेर रोड पर चोरों ने तीन सूने घरों को निशाना बनाया। एक बैंक कर्मचारी के घर से सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य सामान सहित करीब 10 से 15 लाख रुपये का माल चोरी होने की जानकारी है। वारदात के दौरान घर के सदस्य ग्वालियर गए हुए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।
अटेर रोड निवासी हरबंस सिंह भदौरिया छतरपुर में बैंक कर्मचारी हैं और पिछले करीब एक महीने से पत्नी के साथ छतरपुर में रह रहे थे। उनका बेटा भिण्ड में रहता था। इसी दौरान हरबंस सिंह के बड़े भाई को हृदयाघात आने पर उनका बेटा और बहू भी ग्वालियर चले गए। घर सूना होने का फायदा उठाकर चोरों ने ताला तोड़कर प्रवेश किया और सोने-चांदी के जेवर, नकदी तथा अन्य सामान चोरी कर लिया।
परिवार के अनुसार चोरी हुए सामान की कीमत करीब 10 से 15 लाख रुपये है। चोरी के बाद घर के अंदर सामान बिखरा मिला।
चोरों ने हरबंस सिंह भदौरिया के घर के अलावा पास में रहने वाले खिरका निवासी विकास शर्मा और उनके पड़ोसी शेर सिंह तोमर के घर के ताले भी तोड़े। हालांकि दोनों घरों से चोरी हुए सामान की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। एक ही इलाके में तीन घरों के ताले टूटने से स्थानीय लोगों में चिंता है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले। फुटेज में तीन संदिग्ध घर में प्रवेश करते और वारदात के बाद बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और तलाश में जुटी है।
पटवारी मधु सिंह भदौरिया ने बताया कि परिवार के ग्वालियर जाने के दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाया। उन्होंने बताया कि घर से करीब 10 से 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान चोरी होने की जानकारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित