भिण्ड , अगस्त 11 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के लहार अनुभाग के आलमपुर थाना क्षेत्र के बेलमा गांव में जहरीला पदार्थ खाने से एक दंपति की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार बेलमा गांव निवासी सुरेंद्र कौरव (32) और उनकी पत्नी राधा कौरव ने सोमवार दोपहर अपने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों की हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए लहार सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया।
परिजन दोनों को ग्वालियर के जयारोग्य चिकित्सालय ले गए, जहां सोमवार देर रात चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव बेलमा गांव लाए गए और अंतिम संस्कार किया गया।
मृतक दंपति अपने पीछे चार वर्षीय पुत्र छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलने पर आलमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उस कमरे को सील कर दिया, जहां दंपति ने जहरीला पदार्थ खाया था। पुलिस के अनुसार दंपति ने किन परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित